Sonbhadra News : नहरों की सिल्ट सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 अक्टूबर से शुरू होगा अभियान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और नहरों में जल प्रवाह सुचारु रखने के लिए जिले में 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक सिल्ट सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नहरों और ड्रेनों की सफाई निर्धारित रोस्टर तथा स्थानीय जरूरतों के अनुसार कराई जाए। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

कलेक्ट्रेट सभागार स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने नहरों की सिल्ट सफाई की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में सफाई का काम पूरा कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई के दौरान पानी की कमी या जल प्रवाह में बाधा जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। नहरों और ड्रेनों की नियमित एवं समुचित सफाई से जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।

सफाई कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर –

जिलाधिकारी ने नहरों, रजवाहों और ड्रेनों की सफाई में पारदर्शिता बनाए रखने तथा कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासन की प्रस्तावित व्यवस्था के तहत नहरों, रजवाहों और ड्रेनों की सिल्ट सफाई विभागीय बजट से कराई जाएगी, जबकि छोटी नहरों यानी अल्पिकाओं की सफाई मनरेगा के माध्यम से कराए जाने का प्रावधान है।

मनरेगा के तहत अल्पिकाओं की सफाई में मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यह कार्य जॉब कार्डधारकों के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही, निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों की निगरानी और अभिलेखों का संधारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

किसानों को सिंचाई में राहत देने की तैयारी –

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सफाई कार्यों की प्राथमिकता तय की जाए और निर्धारित रोस्टर का पालन करते हुए अभियान को समय से पूरा कराया जाए। इसका उद्देश्य नहरों में पानी का प्रवाह निर्बाध बनाए रखना और किसानों को कृषि कार्यों के दौरान सिंचाई संबंधी असुविधाओं से बचाना है।

ये रहे मौजूद –

बैठक में बंदी प्रखंड के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार सिंह, सिंचाई निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now