Sonbhadra News : मतदाता सूची में छूटे नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गए पात्र नागरिकों को शामिल करने के साथ ही युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा जेंडर रेशियो और ईपीआईसी रेशियो में सुधार कर निर्वाचक नामावली को अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रस्तावित विशेष अभियान को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और पुनरीक्षण के बाद छूटे नामों को जोड़ने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि विशेष अभियान के दौरान ऐसे पात्र मतदाताओं के नामों की जांच की जाएगी, जो किसी कारणवश निर्वाचक नामावली में दर्ज होने से छूट गए हैं। नियमानुसार पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और पात्र युवाओं सहित सभी छूटे हुए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जरूप सिंह पटेल, भाजपा के जिला मंत्री अनिल सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी अनिल प्रधान, बसपा के सोहन लाल, सीपीआई (एम) के प्रेमनाथ, अपना दल (एस) के नीरज सिंह पटेल, आम आदमी पार्टी के रमेश गौतम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now