Sonbhadra News : नवहिंद समाचार के बाद जागा स्वास्थ्य महकमा, अवैध तरीके से संचालित हॉस्पिटल और पैथोलॉजी सीज

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अवैध हॉस्पिटल संचालन का हुआ था खुलासा

सोनभद्र । जिला मुख्यालय पर निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के संचालन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने कार्यवाही शुरू कर दी है। छपका से उरमौरा तक कथित तौर पर बिना पंजीकरण संचालित हो रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों का मामला नवहिंद समाचार द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभागीय टीम ने चुर्क मोड़ स्थित शिव शक्ति श्याम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर को बंद कराया, जबकि चुर्क स्थित लक्ष्य पैथोलॉजी को सीज कर दिया। इसके अलावा रॉबर्ट्सगंज और आसपास के क्षेत्रों में छह ब्लड क्लेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण कर संचालकों को पंजीयन करान के लिए नोटिस जारी किया हैं, सभी से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। इस कार्यवाही के बाद अवैध तरीके से संचालित हॉस्पिटल संचालकों में हड़कंप मच गया।

दो प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही, छह को नोटिस –

निजी अस्पतालों के पंजीकरण के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्यवाही की। टीम ने चुर्क मोड़ स्थित शिव शक्ति श्याम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर पर कार्यवाही करते हुए उसे बंद कराया। इसके बाद चुर्क स्थित लक्ष्य पैथोलॉजी को भी सीज कर दिया गया। विभागीय कार्यवाही को निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के संचालन की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्यवाही के विस्तृत आधार और पंजीकरण की स्थिति की पुष्टि विभागीय अभिलेखों से की जानी आवश्यक है।

नवहिंद समाचार ने उठाया गया था निजी अस्पतालों के संचालन का मुद्दा –

जिला मुख्यालय पर निजी अस्पतालों में मारपीट की घटनाओं और कथित तौर पर बिना पंजीकरण चिकित्सा प्रतिष्ठानों के संचालन का मामला हाल के दिनों में चर्चा में रहा है। नवहिंद समाचार ने छपका से उरमौरा तक संचालित अस्पतालों की स्थिति और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद विभागीय टीम की कार्यवाही से निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के पंजीकरण तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच का दायरा कितना व्यापक होता है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

इन छह प्रतिष्ठानों को जारी हुआ नोटिस –

औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छह चिकित्सा प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया। इनमें लाल पैथोलॉजी-पन्नूगंज मार्ग, रेडक्लिफ कलेक्शन सेंटर, रेडक्लिफ कलेक्शन सेंटर-लोढ़ी, थायरोकेयर ब्लड कलेक्शन सेंटर-पुलिस लाइन चुर्क, कबीर चिकित्सालय-चुर्क और थायरोकेयर ब्लड कलेक्शन सेंटर-चोपन को नोटिस जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now