भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने काशी दौरे के दौरान आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के दिल्ली प्रदर्शन पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजपरिवार हमेशा से विरासत के सहारे राजनीति में जगह बनाता आया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने अपने व्यापक जनादेश से चुनकर दिल्ली की सत्ता तक पहुंचाया है। चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को नितिन नवीन ने अराजकतावादी मानसिकता और साजिश करार देते हुए कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों के अधिकारों के लिए परेशान है, लेकिन भाजपा कभी भी देशवासियों का हक छीनने की ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-सेवा और प्रशासनिक प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी समेत कई शीर्ष नेता मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है और आज सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत के साथ विकास प्रदेश की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि माफियाओं का खात्मा कर काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर और विंध्यवासिनी कॉरिडोर जैसे ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुए हैं। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जब तक भारत में सनातन संस्कृति और करोड़ों देशवासियों का आशीर्वाद है, तब तक कोई भी पीएम मोदी को देश की प्रगति के पथ से रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पहले जिस देश में आतंकवादी हमलों और बम धमाकों का भय रहता था, आज वही भारत सेमीकंडक्टर का निर्माण कर रहा है और दुश्मन के घर में घुसकर करारा जवाब देने में सक्षम है। कार्यक्रम से पूर्व गुजरात की 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया तथा वडनगर से आई विशेष बाइक रैली का भव्य स्वागत भी हुआ।
Author: Vinod Garg
3 years experience in the field of journalism.






