आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक विरोध अब सड़क पर भी तेज होता दिखाई दे रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नगर में जोरदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण जयंती चौक से कचहरी परिसर तक पैदल मार्च निकालते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान कचहरी तिराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुतला छीन लिया। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान INDIA गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। मार्च के बाद कचहरी परिसर में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदर्शन समाप्त किया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें : राम निहोर यादव
सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि “विपक्ष लगातार चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठा रहा है। उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग के बीच कथित नजदीकी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ही सीईसी है और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से इस्तीफा देना चाहिए।उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार चुनाव कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों के पीछे चुनाव व्यवस्था को लेकर अलग मंशा है।”
संघर्ष और लाठी-डंडे से नहीं डरेंगे : रामराज गौड़
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ ने कहा कि “SIR के नाम पर मतदाता अधिकारों से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को SIR प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की इस लड़ाई में देश का बच्चा-बच्चा शामिल है और कांग्रेस लोकतंत्र तथा मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।”
SIR को लेकर उठे सवालों का दिया हवाला –
सीपीआईएम नेता नंदलाल आर्या ने द इंडियन एक्सप्रेस की 23 सितंबर 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि “रिपोर्ट में चुनाव आयोग के भीतर SIR और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार कुछ निर्णयों पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्टों के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आपत्तियों को निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा है कि पिछले एक वर्ष के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं तो भाजपा की ओर से उसका बचाव क्यों किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह स्थिति चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर बहस को जन्म देती है।”
पाप का फोड़ा घड़ा, पुतला दहन के प्रयास पर पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता –
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कचहरी तिराहे पर भाजपा सरकार के कथित ‘पाप का घड़ा’ फोड़कर विरोध जताया। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के कथित जनविरोधी कार्यों का घड़ा भर चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर भी सवाल उठाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुतला छीनकर अपने कब्जे में ले लिया। पुतला छीने जाने के दौरान पुलिस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ देर तक मौके पर माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल रही मौजूद –
प्रदर्शन के दौरान मौके पर सीओ सिटी के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज और चोपन थाने की भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल –
प्रदर्शन में सांसद छोटेलाल खरवार, सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक रमेश दुबे, राजेंद्र सिंह पटेल, परमेश्वर दयाल, चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, आशुतोष दुबे, जय प्रकाश उर्फ चेखूर पांडेय, अनिल प्रधान, राम प्यारे सिंह पटेल, वेदमणि शुक्ला, गीता गौर, मन्नू पांडेय, हिदायत उल्ला खान, दीपक केसरी, विमलेश पटेल, कामरान खान, सत्यम पांडेय और भोलानाथ निषाद, कांग्रेस की ओर से राजीव त्रिपाठी, ब्रजेश तिवारी, आशुतोष कुमार दुबे, कन्हैया पांडेय, अभिषेक चौबे, धीरज पांडेय, ऊषा चौबे, संगीता श्रीवास्तव, रेखा श्रेष्ठ, शशांक मिश्रा और प्रांजल श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं सीपीआईएम की ओर से प्रेमनाथ, पुरुषोत्तम, श्याम नारायण सिंह, बच्चा लाल, राजबली, हनुमान प्रसाद और सत्येंद्र जायसवाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।






