काशी में ‘युवा संवाद’: 2047 तक विकसित भारत के संकल्प पर बोले नितिन नवीन, कहा- युवा वोट बैंक नहीं देश की प्रगति का इंजन

SHARE:

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययनपीठ में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में ‘जेन-जी’ (Gen-Z) के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इससे पूर्व उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और विशिष्टजनों के साथ बनारसी जलेबी-कचौड़ी का स्वाद चखा। संवाद कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में युवाओं के सुझाव और दिशा बेहद महत्वपूर्ण हैं। ‘2047 क्यों, 2026 तक ही भारत विकसित क्यों नहीं?’ और उच्च शिक्षा में युवाओं के संपूर्ण विकास से जुड़े तीखे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने पीढ़ीगत परिवर्तन का उदाहरण दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का लक्ष्य दीर्घकालिक विजन से ही संभव है, जिसमें आईटी हब का विस्तार, स्टार्टअप्स का प्रसार और मैनपावर को स्किल पावर में बदलना शामिल है। उन्होंने युवाओं से अपनी विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया और कहा कि भारत का युवा अब सिर्फ ‘जॉब सीकर’ नहीं बल्कि ‘जॉब गिवर’ बन रहा है।

युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि युवा केवल कोई राजनीतिक वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की वास्तविक प्रगति का मुख्य इंजन हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वी विल डू इट’ के मूल मंत्र का उल्लेख करते हुए युवाओं को पद से परे सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं, नितिन नवीन ने युवाओं को सोशल मीडिया के फेक कंटेंट से सतर्क रहने, संघर्ष का मार्ग न छोड़ने और भविष्य के रोजगार उन्मुख शिक्षा सिस्टम पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वाराणसी को नया आईटी हब बनाने और उच्च शिक्षा में कौशल विकास को बढ़ावा देने जैसे युवाओं के बहुमूल्य सुझावों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाया जाएगा, ताकि प्रदेश में चिकित्सा, कानून और एआई (AI) जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुल सकें।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

3 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now