उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मिड डे मील योजना के खाद्यान्न की कालाबाजारी और हेराफेरी के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ठेकेदार दंपती को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने रामकोट थाने में दर्ज खाद्यान्न घोटाले के इस गंभीर मुकदमे में वांछित चल रहे दोनों आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम और रामकोट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान वांछित आरोपी रवि मिश्रा और उनकी पत्नी मंजू मिश्रा (निवासी ग्वाल मंडी, थाना कोतवाली नगर) को दबोच लिया गया।
सीओ सिटी विनय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना रामकोट में मिड डे मील योजना के खाद्यान्न में गबन और अवैध कालाबाजारी को लेकर मुकदमा अपराध संख्या 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत प्राथमिकी पंजीकृत की गई थी। आरोपी दंपती वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस रेगुलेशन के प्रस्तर 464(क) के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों पर घोषित इनाम के बाद पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश करने की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






