अयोध्या। दीयों की अलौकिक रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी अयोध्या इस बार दीपोत्सव-2026 के अवसर पर अभूतपूर्व कलात्मक सजावट और रामायणकालीन रचनात्मक आकृतियों से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई व्यापक कार्य योजना के तहत आगामी 6 से 8 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस दिव्य महोत्सव के दौरान संपूर्ण अयोध्या धाम, प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट को रामायण की थीम पर भव्य रूप से सजाया जाएगा। महोत्सव के मुख्य पर्व पर 7 नवंबर को 56 घाटों पर रिकॉर्ड 30 लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इस वर्ष श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए विशेष रूप से राम रथ, पुष्पक विमान की भव्य झांकियों के साथ-साथ सरयू की पावन लहरों पर रंग-बिरंगे फ्लोटर्स भी उतारे जाएंगे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को अविस्मरणीय बनाने के लिए राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 अलग-अलग डिजाइनों के कुल 20 कलात्मक एवं त्रि-आयामी (3D) सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली हाईवे सहित ‘धर्म पथ’ पर रामायण के प्रसंगों पर आधारित 10 भव्य व कलात्मक प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। आगंतुकों की सुविधा हेतु 10 प्रमुख स्थलों पर थीम आधारित वे-फाइंडर और वर्टिकल डिजिटल स्क्रीनें भी लगाई जाएंगी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2026 के माध्यम से अयोध्या की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को दुनिया के सामने एक नए और भव्य स्वरूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है, ताकि यहां आने वाले हर श्रद्धालु के मन में यह अनुभव हमेशा के लिए जीवंत रहे।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






