Sonbhadra News : नवरात्र-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, मूर्ति समितियों व डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक संपन्न

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । आगामी शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज थाना रॉबर्ट्सगंज परिसर में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में मूर्ति समितियों, रामलीला कमेटी और डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी पर्वों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी नगर ने सभी समिति पदाधिकारियों एवं आयोजकों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए निर्धारित नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर –

बैठक के दौरान मूर्ति स्थापना, पूजा-पंडालों की सुरक्षा, विसर्जन जुलूस, रामलीला आयोजन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा ऐसी गतिविधि न हो, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।

वहीं डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आयोजकों से अपील की कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सुरक्षा तैयारियाँ –

बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने कहा कि “नवरात्र और दशहरा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी समितियों और आयोजन से जुड़े लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। मूर्ति विसर्जन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।”

 

पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now