सोनभद्र। जिले के दुद्धी स्थित भाऊराव देवरस राजकीय पीजी कॉलेज में एक प्राध्यापक द्वारा तंबाकू सेवन किए जाने की शिकायत और उसके बाद आई जांच रिपोर्ट से असंतुष्ट छात्रों ने सोमवार को कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों—मृत्युंजय पांडेय, श्रेयांशु अग्रहरि, ओम अग्रहरि, करण सिंह राजपूत, एकलव्य प्रताप सिंह, अभय यादव और अर्श खान—ने आरोप लगाया कि प्राध्यापक के तंबाकू सेवन पर आपत्ति जताने के बाद तंबाकू निषेध समिति द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट में संबंधित डिब्बी में तंबाकू के स्थान पर शुगर की दवा होने का दावा किया गया है, जो लीपापोती का प्रयास है। छात्रों ने इस रिपोर्ट पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के उपरांत संबंधित प्राध्यापक ने उन्हें पुलिस में एफआईआर कराने, कॉलेज परिसर में प्रवेश से रोकने और उनका शैक्षणिक भविष्य पूरी तरह बर्बाद करने की धमकियां दीं।
घटनाक्रम के तूल पकड़ने और आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज होने के बाद क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया है। फिलहाल प्रकरण की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है। आंदोलित छात्रों ने मांग की है कि जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संबंधित प्राध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और स्वतंत्र एजेंसी से पूरे मामले की जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की गई, तो वे गांधीवादी तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन करने को भी बाध्य होंगे।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.





