उत्तर प्रदेश में अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही मौसम ने अचानक जोरदार करवट ली है, जिससे समूचे प्रदेश में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। सोमवार को तराई और पूर्वांचल के अधिकांश इलाकों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रतापगढ़ जिले में ओलावृष्टि की भी सूचना है। अचानक हुई इस बारिश और तेज हवाओं के चलते राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान मौसमी बदलाव का मुख्य कारण उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर बिहार, झारखंड और बंगाल तक फैली ट्रफ रेखा तथा सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का संयुक्त प्रभाव है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वातावरण में मौजूद नमी, दिन के तापमान और पश्चिमी विक्षोभ के संयोग से प्रदेश भर में बादल सक्रिय हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है कि इस पूरे सप्ताह राज्य के दो से तीन दर्जन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में देखने को मिलेगा, जिसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





