सोनभद्र। जनपद की दुद्धी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के अंतर्गत बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में म्योरपुर तिराहे पर की जा रही चेकिंग के दौरान विंढमगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन को तेजी से भगाकर रजखड़ की ओर भागने लगा, जिसे संयुक्त टीम ने पीछा कर रजखड़ घाटी के पास घेराबंदी करके दबोच लिया।
तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 53 बंडलों में भरा 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त वरना कार (संख्या UP42CE6539), एक मोबाइल फोन और 10,000 रुपये की एटीएम निकासी पर्ची सहित कुल 35 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी ऋषभ रुणवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह व एसओजी प्रभारी नागेश सिंह के नेतृत्व में की गई।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान 25 वर्षीय ऋषभ सिंह उर्फ रिशु सिंह, निवासी अलीपुर (हरदोई) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ ओडिशा के बोध क्षेत्र से गांजा खरीदकर झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते सोनभद्र होते हुए लखनऊ के मटियारी व चिनहट इलाकों में खपाने जा रहा था। आरोपी के अनुसार गिरोह के सभी सदस्य पुलिस की नजरों से बचने के लिए केवल व्हाट्सएप कॉल के जरिए एक-दूसरे से संपर्क में रहते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़ा गया तस्कर एक शातिर आपराधिक पृष्ठभूमि का है, जिस पर लखनऊ, बाराबंकी और हरदोई के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, चोरी और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वाहन को सीज करते हुए अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है और मोबाइल साक्ष्यों के आधार पर ओडिशा से लखनऊ तक फैले इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों को चिह्नित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





