लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रहे बिजली संकट की मुख्य वजहों को रेखांकित करते हुए जनता से सहयोग की अपील की है। मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण कई थर्मल पॉवर प्लांट ने अचानक शटडाउन ले लिया, जिससे बिजली उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि साल 2017 तक पीक ऑवर में बिजली की सप्लाई महज 15 से 16 हजार मेगावाट थी, जो आज के समय में दोगुनी होकर 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि आज वही लोग बिजली संकट की अफवाह फैलाकर इसे मुद्दा बना रहे हैं, जिनके खुद के शासनकाल में बिजली नहीं आती थी और लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाया करते थे। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों के बहकावे में न आने की अपील की। योगी ने वैश्विक ऊर्जा संकट का हवाला देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। अमेरिका जैसे साधन संपन्न देश में भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम दोगुने से अधिक हो गए हैं और वहां महंगाई चरम पर है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में इसे लगातार नियंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन बाधित होने का असर यहां भी पड़ता है, लेकिन ऐसे संकट के समय देश के साथ खड़े होने के बजाय उसे कठघरे में खड़ा करना अस्वस्थ मानसिकता का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने बिजली उत्पादन के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली का उत्पादन सिर्फ छह हजार मेगावाट था, जो आज बढ़कर 13 हजार मेगावाट पहुंच चुका है। इसके साथ ही रिन्यूएबल एनर्जी का उत्पादन भी 10 हजार मेगावाट तक बढ़ा है, लेकिन मौजूदा समय में आवश्यकता 33 से 35 हजार मेगावाट की है। एलपीजी संकट के कारण घरों में इलेक्ट्रिक हीटर और इंडक्शन के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए सीएम ने जनता से अपील की कि वे सिर्फ जरूरत के मुताबिक ही बिजली खर्च करें। उन्होंने लोगों से घरों की अनावश्यक लाइटें बंद रखने और नगर निगम को स्ट्रीट लाइटों का बेवजह इस्तेमाल रोकने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हर नागरिक को इस संकट की घड़ी में बिजली निगम के साथ खड़े होकर सहयोग करना चाहिए।
यह कार्यक्रम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षदों के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जहां मुख्यमंत्री ने 413 करोड़ रुपये की लागत वाले 342 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने तीन साल की उपलब्धियां गिनाईं, जबकि नगर विकास मंत्री एके शर्मा और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी शहर के विकास की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






