हर्षवर्धन, सोनभद्र। कलेक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे एक फरियादी के पास मौजूद थरमस से पेट्रोल की तेज गंध आने लगी। बुधवार दोपहर करीब दो बजे भरुहा निवासी नरेंद्र तिवारी अपनी फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जिन्हें फरियादी कक्ष में बैठाया गया था। कमरे में अचानक पेट्रोल की गंध फैलने पर वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ, जिसके बाद थरमस की जांच की गई। थरमस के भीतर पेट्रोल बरामद होते ही प्रशासनिक अमले के हाथ-पांव फूल गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि युवक न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने की योजना से आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम चर्चित गौड़ और एसडीएम कलेक्ट्रेट ने युवक को बुलाकर काफी देर तक समझाया और उसकी समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने युवक से बातचीत की और करमा थाना पुलिस को इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के दौरान चारागाह की जमीन पर मूर्ति स्थापना को लेकर शुरू हुआ था, जिसमें पुलिस पहले भी ग्राम प्रधान समेत 17 लोगों का शांति भंग में चालान कर चुकी है। पीड़ित नरेंद्र तिवारी का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दूसरे पक्ष ने उनके साथ मारपीट की और मंगलवार को उनकी हत्या का प्रयास भी किया गया, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। फिलहाल, पुलिस ने पेट्रोल भरा थरमस कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





