DM चर्चित गौड़ ने किया रॉबर्ट्सगंज में निर्माणाधीन नाले का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए कड़े निर्देश

SHARE:

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे नाले के निर्माण कार्य का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुँचकर निर्माण कार्य की प्रगति और प्रयुक्त हो रही सामग्रियों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। मानसून की आहट को देखते हुए उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर सी०एन०डी०एस० को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि हर हाल में आगामी बरसात से पहले नाले का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि शहरवासियों को जलभराव की गंभीर समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्य में तेजी लाने के नाम पर गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की जांच किसी ‘थर्ड पार्टी’ से अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी या कार्य में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही अक्षम्य होगी और ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराएं। इस निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, तहसीलदार सदर अमित सिंह और प्रोजेक्ट मैनेजर सी०एन०डी०एस० रमेश चन्द्र मौर्य सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now