लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सात मई को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता पहुंचेंगे। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद दोनों कद्दावर नेताओं की यह पहली मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी एक संयुक्त प्रेस वार्ता को भी संबोधित कर सकते हैं, जिसमें भविष्य की राजनीतिक रणनीति और विपक्षी एकजुटता को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना है। इससे पहले ममता बनर्जी ने खुद इस बात की पुष्टि की थी कि चुनाव परिणामों के बाद अखिलेश यादव ने उनसे फोन पर लंबी चर्चा की थी। सपा प्रमुख का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सियासी सरगर्मी तेज है। ममता बनर्जी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह हार के बावजूद इस्तीफा देने राजभवन नहीं जाएंगी।
लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां वोट की ‘शर्मनाक लूट’ हुई है और पुलिस-प्रशासन का जमकर दुरुपयोग किया गया। अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के संदर्भ में कहा कि भाजपा के पास ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की कोई काट नहीं है और यही कारण है कि सत्ताधारी दल बौखलाया हुआ है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र और संविधान बचाने की बड़ी लड़ाई करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने के लिए संकल्पित है। अखिलेश ने मांग की कि पहले जातीय जनगणना कराई जाए और फिर आबादी के आधार पर आरक्षण लागू किया जाए। इस दौरान उन्होंने प्रतापगढ़ के मेधावी छात्रों सत्यम यादव और ईशान शुक्ला को लैपटॉप देकर सम्मानित भी किया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने भाजपा पर चुनावी बेईमानी का आरोप लगाते हुए ’10 नम्बरी मॉडल’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ और कुंदरकी जैसे उदाहरणों से साफ है कि अल्पमत की सरकार बनने के बाद भी विपक्ष के साथ अन्याय किया जा रहा है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के जो नतीजे 4 मई को आए, उनमें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। 15 साल के लंबे शासन के बाद टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई है, जबकि पिछले चुनाव में उसके पास 215 सीटें थीं। दूसरी ओर, भाजपा ने बड़ी छलांग लगाते हुए 77 सीटों से बढ़कर 207 सीटों पर कब्जा जमाया है। इसी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अखिलेश यादव का कोलकाता दौरा राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





