आईजी विन्ध्याचल परिक्षेत्र ने किया सोनभद्र का वार्षिक निरीक्षण, अपराधियों और माफियाओं पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश

SHARE:

सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक, विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर आर.पी. सिंह द्वारा बुधवार को जनपद सोनभद्र के वार्षिक निरीक्षण के दूसरे दिन पुलिस लाइन परिसर का सघन भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने फील्ड यूनिट, जिला नियंत्रण कक्ष और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरान्त आईजी ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान आईजी आर.पी. सिंह ने कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने 30 अप्रैल 2026 तक सर्किलवार व थानावार लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए 60 से 90 दिनों की समयसीमा पार कर चुके मामलों के तत्काल निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों में आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट तैयार हो चुकी है, उन्हें बिना विलंब न्यायालय में दाखिल किया जाए। अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ करने तथा जनपद के टॉप-10 अपराधियों व चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

समीक्षा के दौरान अवैध धर्मान्तरण, गोवध, और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए गए। आईजी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण और गुण्डा एक्ट के तहत जिलाबदर की प्रभावी कार्यवाही की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने महिला अपराधों और एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों में पिछले दो वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए लंबित हत्या, लूट और बलात्कार जैसे संवेदनशील प्रकरणों (SR Cases) के त्वरित अनावरण की हिदायत दी। बैठक के अंत में उन्होंने पारदर्शी पुलिसिंग और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों को माफियाओं के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now