पीएम मोदी के काशी दौरे की तैयारी: 7000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की मिलेगी सौगात, सुरक्षा का पुख्ता घेरा

SHARE:

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल के अंतिम सप्ताह में दो दिवसीय दौरे पर अपनी संसदीय सीट काशी आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री यहाँ करीब 7000 करोड़ रुपये की 100 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर शहर में उत्साह के साथ ही प्रशासन ने सुरक्षा की चाक-चौबंद तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रस्तावित दौरे के अनुसार, प्रधानमंत्री सिग्नेचर ब्रिज का लोकार्पण करेंगे और बाबा लाट भैरव सेतु की आधारशिला रखेंगे। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के गंगा किनारे स्थित रामनगर में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करने की संभावना है। सबसे महत्वपूर्ण अमृत 2.0 योजना के तहत नगर निगम के 18 वार्डों में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इससे वरुणा पार, रामनगर और सूजाबाद समेत अन्य इलाकों की लगभग तीन लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। इसके लिए 651 किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 67,886 घरों को शुद्ध पेयजल से जोड़ा जाएगा। साथ ही, 98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नगर निगम के नए सदन भवन की नींव भी रखी जाएगी।

प्रधानमंत्री अपने प्रवास के दौरान बरेका में रुकेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

पीएम के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद की जा रही है। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से बरेका स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश-निकास द्वारों, हेलीपैड, पार्किंग एरिया और वीवीआईपी एंट्री पॉइंट्स की सुरक्षा का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाए।

आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। यातायात को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों का कवरेज बढ़ाने और भारी पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now