- नोएडा हिंसा सुनियोजित साजिश, पाकिस्तान कनेक्शन की भी हो रही जांच: कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर
नोएडा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने नोएडा में हुई हालिया हिंसा को एक गहरी और सुनियोजित साजिश करार देते हुए सनसनीखेज दावा किया है। मंत्री ने कहा कि यह घटना प्रदेश की शांति व्यवस्था और विकास की गति को बाधित करने के इरादे से अंजाम दी गई है। उन्होंने इस मामले के तार सीमा पार से जुड़े होने की आशंका जताते हुए बताया कि हाल ही में मेरठ और नोएडा से गिरफ्तार हुए चार संदिग्ध आतंकवादियों के हैंडलर्स पाकिस्तान में बैठे थे, जिससे प्रदेश में अस्थिरता फैला। ने की बड़ी साजिश को बल मिलता है। मंत्री ने संदेह व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुजफ्फरनगर कार्यक्रम को प्रभावित करने और डबल इंजन सरकार की छवि धूमिल करने के लिए देश विरोधी ताकतों ने यह षड्यंत्र रचा है, जिसकी जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से कर रही हैं। इस संवेदनशील माहौल में श्रमिकों से शांति की अपील करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि अराजकता किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और उन्हें किसी भी प्रकार के बहकावे या भ्रामक सूचनाओं में आने से बचना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी स्वयं नोएडा में डेरा डाले हुए हैं और श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनकी जायज मांगों का समाधान निकालने में जुटे हैं। “श्रमेव जयते” के संकल्प को दोहराते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार श्रमिकों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अंत में आग्रह किया कि श्रमिक संवाद का रास्ता अपनाएं और विकास की मुख्यधारा में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाते रहें, क्योंकि सरकार उनकी हर बात सुनने और उसका उचित निस्तारण करने के लिए सदैव तत्पर
है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





