वाराणसी कमिश्नरेट के चन्द्रा चौराहे पर रविवार रात कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए शराब के नशे में धुत चार युवकों ने ड्यूटी पर तैनात एक यातायात सिपाही के साथ मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चन्द्रा चौराहे पर तैनात यातायात सिपाही नितेश कुमार अपनी ड्यूटी कर रहे थे, तभी नशे की हालत में पहुंचे चार युवकों की बाइक एक अन्य व्यक्ति की बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक आपस में ही झगड़ने लगे, जिससे चौराहे पर लंबा जाम लग गया। जब सिपाही नितेश कुमार स्थिति को संभालने और जाम हटवाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए सिपाही को बातों में उलझाकर किनारे कर दिया, जबकि उसके साथी दूसरे बाइक चालक की पिटाई करने लगे। जब सिपाही उस व्यक्ति को बचाने पहुंचे, तो चारों आरोपियों ने मिलकर सिपाही पर हमला कर दिया और हाथापाई के दौरान उनकी वर्दी फाड़ डाली।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिपाही नितेश कुमार की तहरीर के आधार पर अर्दली बाजार निवासी वैभव सिंह, बसही निवासी शशांक सिंह, सरसौली निवासी प्रिंस पटेल और भोजूबीर निवासी अभि पटेल को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अभि पटेल की बुलेट मोटरसाइकिल को मौके पर ही सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात लोकसेवक के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






