लखनऊ। अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेशव्यापी विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रदेश के 64 जनपदों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें आयुक्त एफएसडीए के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का अनुपालन नदारद मिला। जांच के दौरान अधिकांश फार्मेसियों के काउंटर पर अनिवार्य वेबसाइट का यूआरएल प्रदर्शित नहीं मिला, जिस पर औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही संबंधित संचालकों को सख्त नोटिस थमाए हैं। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन के भीतर निर्धारित प्रारूप में दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमत समेत सभी वांछित जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत दवाओं की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए फार्मेसी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर यह विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसमें सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने जिलों की सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों की जांच करने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य दवाओं की कीमत तय करना या मुनाफे पर नियंत्रण लगाना नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह स्व-प्रकटीकरण (सेल्फ-डिस्क्लोजर) पर आधारित पहल है। इसका मकसद भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को यह जानकारी देना है कि फार्मेसी किस कीमत पर दवा खरीद रही है और किस दर पर बेच रही है, ताकि वे सोच-समझकर निर्णय ले सकें।
उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का हवाला देते हुए सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनाकर उस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का विवरण, परिसर का पता, नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का ब्योरा सार्वजनिक करना अनिवार्य किया गया था। इसके साथ ही वेबसाइट का यूआरएल, ऐप लिंक या क्यूआर कोड काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए थे, जो निरीक्षण के दौरान गायब पाए गए।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





