लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश का वास्तविक संरक्षक है और कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत अस्तित्व में है। उन्होंने कहा कि संविधान हम सबका गौरव और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है, जो अधिकारों के साथ कर्तव्यों व जिम्मेदारियों का बोध कराता है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि भारत के संविधान ने पहले दिन से ही बिना किसी जाति, क्षेत्र, भाषा या लैंगिक भेदभाव के प्रत्येक वयस्क नागरिक को मताधिकार दिया, जबकि लोकतंत्र का दावा करने वाले कई देशों में लंबे समय तक रंगभेद व लिंगभेद के आधार पर समान अधिकारों से वंचित रखा गया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज कुछ लोग भ्रम फैलाकर लाल पुस्तिका के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो स्वयं को संप्रभुता का संरक्षक बताने का दावा न करते। उन्होंने आरोप लगाया कि अवसर मिलने पर इन लोगों ने संविधान का गला घोंटने का काम किया, आजादी के तुरंत बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए लाया गया और स्वार्थ के लिए संवैधानिक संस्थाओं व लोकतंत्र को कठघरे में खड़ा किया गया। कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न न मिलने देने और चुनाव हराने के षड्यंत्र करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने महापुरुषों की उपेक्षा की, जबकि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाया था जिसे वर्तमान सरकार ने दोबारा बहाल किया। उन्होंने बताया कि उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, बहराइच व आजमगढ़ के मेडिकल कॉलेज व बहराइच के स्मारक का नाम महाराज सुहेलदेव तथा अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का नाम राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में दायित्व संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान की पुस्तक को नमन किया तथा नए संसद भवन में संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया, जिसमें श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, गीता उपदेश, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक 55 सदस्य और 15 महिला सदस्यों में छह प्रदेश से थीं, जिनमें सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव का अहम योगदान रहा। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले विद्यालयों की दशा खराब थी, पेपर लीक व वसूली होती थी, खाद्यान्न घोटाले होते थे, पलायन होता था और प्रदेश माफिया के हाथों बंधक था, जबकि कानून का राज ही विकास की गारंटी है और सरकार अंतिम पायदान के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






