Sonbhadra News : झाड़-फूंक के फेर में गई दोनों मासूमों की जान, जांच में पीलिया और एनीमिया की पुष्टि

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । बीमारी ने दस्तक दी तो अस्पताल पहुंचने के बजाय झाड़फूंक का सहारा लिया गया। जब हालत बिगड़ी तो इलाज के लिए अस्पताल जाने की सुध आई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाइक से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दो मासूमों की सांसें थम गईं। आदिवासी बाहुल्य जनपद सोनभद्र के म्योरपुर ब्लॉक स्थित बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में दो बच्चों की मौत का मामला ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता की कमी और अंधविश्वास की गंभीरता की तस्वीर सामने ला दिया है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में दोनों बच्चों के पीलिया और एनीमिया से पीड़ित होने की बात सामने आई है। सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बीमारी के दौरान परिजनों ने चिकित्सकीय उपचार के बजाय स्थानीय व्यक्ति से झाड़फूंक कराई। हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस बुलाने के बजाय बाइक से सीएचसी ले जाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में दोनों बच्चों की मौत हो गई।

सीएमओ के मुताबिक, बच्चों की मौत को संदिग्ध मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच कराई जा रही थी। एहतियातन पिछले दो दिनों से संबंधित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें कैंप कर रही हैं। इस दौरान करीब 100 ग्रामीणों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। विभाग की ओर से संक्रमितों को दवा उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य निगरानी भी बढ़ाई गई है।

दो मौतों से गांव में चिंता, स्वास्थ्य टीम ने शुरू की जांच –

बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में 17 नवंबर को कैलाश (14वर्ष) पुत्र बहादुर और रुद्र (8वर्ष) पुत्र देवनारायण की मौत हो गई थी। कम उम्र के दो बच्चों की मौत से गांव में चिंता का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच शुरू की।

इस दौरान कैलाश के परिजनों बहादुर, उनकी पत्नी कलावती, रामजीत और बसंतलाल की तबीयत खराब होने पर उनके खून की जांच की गई। इसके अलावा सिकंदर, आकाश, कुमारी, बुधराम, इनरबसिया, शिवचंदन, संगीता, देवनारायण, सुरीला, राकेश, उषा, विमल कुमारी, सुषमा कुमारी और तेज कुमारी समेत अन्य ग्रामीणों की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं गांव की दोलबस (24वर्ष) और उषा (10वर्ष) की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए बाहर ले गए हैं। वहीं गाँव में 56 अन्य व्यक्तियों की मलेरिया जॉच में दो पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। गांव में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ भोजन और साफ पानी के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।

मकरा में 36 की जांच, एक युवक मलेरिया पॉजिटिव –

उधर, मकरा ग्राम पंचायत के भेड़िया टोला में भी स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। यहां 36 लोगों के खून के नमूने लिए गए, जिसमें संजय (21वर्ष) पुत्र हीरालाल मलेरिया पॉजिटिव मिला। उसे तत्काल दवा उपलब्ध कराई गई। गांव में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ भोजन और साफ पानी के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।

झाड़फूंक में समय गंवाने के बजाय पहुँचे अस्पताल : सीएमओ

सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों से अपील की है कि बीमारी को अंधविश्वास से जोड़कर झाड़फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें। बुखार, पीलिया, कमजोरी, उल्टी-दस्त या किसी भी तरह की असामान्य परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सक से उपचार कराएं। मरीज की हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस की मदद लें। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और सही इलाज से गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है। खासकर बच्चों की सेहत को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरतें।

“बहरहाल आमी टोला में दो बच्चों की मौत महज एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि आदिवासी अंचलों में गहराई तक जड़ जमाए अंधविश्वास और स्वास्थ्य जागरूकता की कमी दिखी है। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि जब सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध है तो आखिर ग्रामीण बीमारी की स्थिति में चिकित्सकों के बजाय झाड़फूंक करने वालों के दरवाजे पर क्यों पहुंचते हैं? क्या स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल बीमारी फैलने या मौतें होने के बाद शिविर लगाने तक सीमित रहेगी या गांव-गांव जाकर लोगों की सोच बदलने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा कायम करने के लिए स्थायी जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा? अब देखने वाली बात होगी कि दो मासूमों की मौत के बाद विभाग की सक्रियता कितनी दूर तक असर दिखाती है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस पहल हो पाती है।”

 

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now