Sonbhadra News : पल्स पोलियो जागरूकता रैली को सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• 22 नवंबर को 3.09 लाख नौनिहालों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक 

सोनभद्र । नौनिहालों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से महफूज रखने के लिए जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। 22 नवंबर से शुरू होने जा रहे सघन पल्स पोलियो महाअभियान में इस बार 3.09 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा खुराक से वंचित न रह जाए, इसके लिए बूथ से लेकर घर-घर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें दस्तक देंगी। इसी मुहिम को जनांदोलन का रूप देने और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, साईं कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी के छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्यकर्मियों, अपर एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारियों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने कहा कि “पोलियो एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पिलाई गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को इस बीमारी से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। बच्चा पहले कितनी भी बार खुराक पी चुका हो, अभियान के दौरान उसे दो बूंद जरूर पिलाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 3,09,381 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,099 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और सात मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि पिछले चरणों की अपेक्षा इस बार अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही खुराक पिलाई जाए।”

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 गिरधारी लाल ने बताया कि “अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने की व्यापक तैयारी की गई है। इसके लिए पोलियो बूथ, ट्रांजिट बूथ और घर-घर भ्रमण की व्यवस्था की गई है। अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जरूर लेकर पहुंचें। यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम से उसे पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।”

सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने अपील करते हुए बताया कि “पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को अभियान के हर चरण में खुराक पिलाना जरूरी है। ‘हर बच्चा, हर बार, पोलियो की दो बूंद जरूर’ के संकल्प के साथ विभाग ने अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।”

रैली में डॉ0 सूबेदार प्रसाद, डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद, डॉ0 जे0बी0 सिंह, पुष्पेंद्र , मनोज कुमार, नशीम शाह, संदीप कुमार सिंह सहित एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, साईं कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी और प्राथमिक विद्यालय शहरी प्रथम के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों शामिल रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now