Sonbhadra News : हवाई हमले का सायरन बजते ही गुल होगी बिजली, शुरू होगा रेस्क्यू ऑपरेशन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• पुलिस लाइन ने होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन

सोनभद्र । युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई हमले की चेतावनी मिले तो क्या करना है, ब्लैकआउट के दौरान खुद को कैसे सुरक्षित रखना है और हमले के बाद घायलों को किस तरह तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है, इन तमाम परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को सोनभद्र में परखा जाएगा। इसके लिए 22 नवंबर को पुलिस लाइन चुर्क में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे होने वाली इस मॉक ड्रिल में सायरन बजने के साथ ही बिजली आपूर्ति बंद करने, नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, आग बुझाने और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश तथा नागरिक सुरक्षा, गृह मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जा रही है। इसमें नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित होमगार्ड्स और इच्छुक स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित विभागों की टीमें भी अपने आवश्यक संसाधनों और उपकरणों के साथ प्रतिभाग करेंगी।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को जमीन पर लेटकर सुरक्षित स्थान पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद हवाई हमला समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।

इसके उपरांत नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रदर्शन करेंगे। छोटी आग पर फायर एक्सटिंग्विशर से काबू पाने और बड़ी आग की स्थिति में फायर सर्विस द्वारा फायर टेंडर के इस्तेमाल का अभ्यास किया जाएगा। वहीं, हमले में घायल लोगों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के साथ गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की जाएगी। ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का भी अभ्यास होगा।

मॉक एक्सरसाइज के लिए वाटर टाइप, फोम टाइप, कार्बन डाईऑक्साइड और ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशमन यंत्रों के अलावा फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर, तिकोनी पट्टी और रोलर बैंडेज सहित आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। सायरन के साथ छोटी आग के प्रदर्शन के लिए सूखी लकड़ियां और ईंधन तथा बड़ी आग के प्रदर्शन के लिए आवश्यक स्ट्रक्चर भी तैयार कराया जाएगा।

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों के नामित अधिकारी अपनी-अपनी टीम और निर्धारित उपकरणों के साथ आयोजन स्थल पर एक घंटा पूर्व पहुंचेंगे। वहीं, तैयारियों और विभागीय जिम्मेदारियों को अंतिम रूप देने के लिए 19 नवंबर को शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में उनकी अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई है। इसमें सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय कार्ययोजना के साथ समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तत्परता परखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने की तैयारियों का आकलन करना है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now