दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 48 घंटों के दौरान मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव के चलते ठंड ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है, जिससे लोगों ने अब स्वेटर और जैकेट पहनना शुरू कर दिया है। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.7 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटों में ही न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि कुल मिलाकर पिछले 48 घंटों में पारा करीब सात डिग्री नीचे आ चुका है। हालांकि मंगलवार को दिनभर मौसम पूरी तरह साफ रहा और खिली हुई धूप के बीच 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं
बीते रविवार को छठ पर्व के अवसर पर भोर के समय हल्की बौछारें पड़ने से उस दिन न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जिसके बाद मौसम साफ होने और उत्तर भारत में ठंडी पछुआ हवाओं के असर से तापमान में यह भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी 23 नवंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 48 घंटों के दौरान ठंडी हवाओं के प्रभाव से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर और अधिक बढ़ेगा।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





