वाराणसी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में सोमवार देर शाम एक महिला के साथ सुरक्षाकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को इसका करीब 20 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में वर्दी पहने एक सुरक्षाकर्मी महिला को धक्का देने के बाद उसके बाल खींचकर घसीटता और लात-घूंसों से मारता हुआ साफ दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे रोकने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भारी नाराजगी जताई है और आरोपी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला ट्रॉमा सेंटर में पांच-छह मरीजों को दिखाने के पश्चात दोबारा मरीज दिखवा रही थी, जिस पर सुरक्षाकर्मी द्वारा आपत्ति जताए जाने पर महिला ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और नगवा पुलिस चौकी के कर्मी महिला को अपने साथ ले गए, जहाँ पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार की बात सामने आई। बाद में महिला को लंका थाने ले जाकर समझा-बुझाकर वापस भेजा गया, किंतु ट्रॉमा सेंटर लौटने पर उसने पुनः सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए ट्रॉमा सेंटर के डिप्टी चीफ प्रॉक्टर से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





