Sonbhadra News : 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, रामराज सिंह गोंड पर जताया चौथी बार भरोसा, हाजी फरीद को भी दोबारा सौंपी शहर की कमान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सोनभद्र में एक बार फिर पुराने चेहरों पर भरोसा जताते हुए रामराज सिंह गोंड को चौथी बार जिलाध्यक्ष और हाजी फरीद अहमद को दूसरी बार शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। 13 नवंबर 2026 को हुई इस घोषणा को जिले में कांग्रेस संगठन की आगामी चुनावी रणनीति और नेतृत्व के प्रति विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

पुनः जिलाध्यक्ष नियुक्त होने पर रामराज सिंह गोंड ने कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और प्रयाग जोन प्रभारी वरुण चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर चौथी बार भरोसा जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

रामराज सिंह गोंड के कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने का सफर भी राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम रहा है। 17 जुलाई 2019 को हुए चर्चित उभ्भा कांड के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के सोनभद्र दौरे के पश्चात अक्टूबर 2019 में उन्हें पहली बार जिलाध्यक्ष बनाया गया था। संगठन में उनकी सक्रियता और भूमिका को देखते हुए पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें ओबरा (402) विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी भी बनाया। उस दौरान चुनावी जिम्मेदारियों के मद्देनजर हाजी फरीद अहमद को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। चुनाव के बाद रामराज सिंह गोंड को दोबारा जिलाध्यक्ष बनाया गया।

इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के पश्चात वर्ष 2025 में पार्टी ने उन्हें तीसरी बार जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी। अब संगठनात्मक समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच 13 नवंबर को चौथी बार उनकी ताजपोशी कर दी गई। वहीं हाजी फरीद अहमद को भी दूसरी बार शहर अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने शहरी संगठन में निरंतरता बनाए रखने का संदेश दिया है। बताया गया कि हाल ही में संगठनात्मक समीक्षा और पदाधिकारियों के चयन के लिए एआईसीसी एवं पीसीसी के पर्यवेक्षकों ने जिले का दौरा किया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों को अपने पदों पर यथावत रहते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

कांग्रेस नेतृत्व के इस फैसले के बाद अब रामराज सिंह गोंड और हाजी फरीद अहमद के सामने जिले में संगठन का विस्तार करने, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करने की चुनौती होगी। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की राजनीतिक जमीन मजबूत करना दोनों पदाधिकारियों की सबसे बड़ी परीक्षा मानी जा रही है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now