सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी स्थित हनुमत सोलर हाउस के संचालक के साथ 4.50 करोड़ रुपये की बड़ी हेराफेरी का मामला सामने आया है। एजेंसी का कारोबार संभालने वाले चार कर्मचारियों पर गबन की गई रकम से खुद की सोलर दुकान खोलने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मूल रूप से मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के अदलपुरा निवासी एजेंसी संचालक विकास सिंह ने 14 अक्टूबर को पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें उन्होंने बताया कि कम्हारी में शाहगंज रोड स्थित धर्मशाला के पास उनकी दुकान है, जहाँ इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर का कारोबार होता है।
पीड़ित के अनुसार, दुकान में अखाड़ा महाल निवासी हरि गोविंद सिंह पटेल प्रबंधक, परासी दुबे निवासी वीरेंद्र प्रताप केशरी अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत थे, जबकि बुड़हर कला निवासी दीपक सिंह पटेल और महेवां निवासी इंद्रेश सिंह को माल और गोदाम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विकास सिंह अक्सर बाहर रहते थे और चारों आरोपी ही कारोबार संभालते थे। गत 3 सितंबर को जब वे दिल्ली गए हुए थे, तब आरोपी दुकान और गोदाम बंद कर शोरूम में ताला लगाकर चाबी फेंककर फरार हो गए। लौटने पर जब हिसाब-किताब का मिलान किया गया, तो वर्ष 2024 से अब तक हुई खरीद-बिक्री का कोई हिसाब नहीं मिला और करीब 4.50 करोड़ रुपये का गबन सामने आया। संचालक का दावा है कि छानबीन करने पर पता चला कि आरोपियों ने इसी हेराफेरी के पैसों से 6 सितंबर को कम्हारी में अपनी खुद की नई सोलर दुकान भी खोल ली है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस बारीकी से पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






