सोनभद्र। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की आगामी परीक्षाओं के लिए सोनभद्र जिले में 80 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार इस बार कुल 80 केंद्रों पर परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी, जिनमें 16 राजकीय विद्यालय, 10 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय और 54 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। बोर्ड द्वारा सोमवार को केंद्रों की सूची सार्वजनिक करने के साथ ही इस पर आपत्ति एवं सुझाव दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया गया है। यदि किसी विद्यालय, छात्र या प्रबंधक को केंद्र निर्धारण को लेकर कोई समस्या या शिकायत है, तो वे आगामी 21 नवंबर तक अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। इस सत्र में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चार फरवरी से प्रस्तावित हैं, जिसमें जिलेभर से कुल 45,391 छात्र-छात्राएं पंजीकृत किए गए हैं। इनमें हाईस्कूल परीक्षा के लिए 27,717 और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 18,724 परीक्षार्थी शामिल हैं।
इससे पूर्व बोर्ड ने गत 26 अक्तूबर को 66 परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी की थी, जिसमें कई प्रकार की खामियां और विसंगतियां सामने आई थीं। शुरुआती सूची में मानकों की अनदेखी करते हुए ऐसे विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बना दिया गया था जहाँ पर्याप्त भौतिक संसाधन उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा विद्यालयों की निर्धारित छात्र धारण क्षमता से दोगुना परीक्षार्थियों का आवंटन करने और केंद्र की अधिकतम दूरी सात से बारह किलोमीटर के मानक का भी उल्लंघन पाया गया था। प्रारंभिक सूची में इन कमियों के चलते कुल 66 आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं, जिसके बाद जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर सभी आपत्तियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और उनका विधिवत निस्तारण करते हुए अंततः 80 केंद्रों की संशोधित एवं अंतिम सूची जारी की गई है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






