Sonbhadra News : अशोक कुमार बने सोनभद्र के नए डीपीआरओ, नमिता शरण भेजी गई मऊ

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । प्रदेश में इन दिनों प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। शासन स्तर से लगातार जारी हो रहे तबादला आदेशों के बीच अब सोनभद्र के पंचायतीराज विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। लंबे समय से जिले में तैनात जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नमिता शरण का आखिरकार गैरजनपद तबादला कर दिया गया है। उन्हें मऊ जनपद भेजा गया है, जबकि उनके स्थान पर प्रतीक्षारत जिला पंचायत राज अधिकारी अशोक कुमार को सोनभद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के साथ ही जिले में विभागीय नेतृत्व का चेहरा बदल गया है।

गौरतलब है कि नमिता शरण लंबे समय से सोनभद्र में तैनात थीं। इससे पहले भी उनका गैरजनपद स्थानांतरण किया गया था, लेकिन उस समय वह अपना तबादला रुकवाने में सफल रही थीं। अब दोबारा जारी स्थानांतरण आदेश ने उनके जिले में बने रहने की संभावनाओं पर फिर विराम लगा दिया है।

वहीं नए डीपीआरओ अशोक कुमार के सामने जनपद सोनभद्र में अपनी प्रशासनिक कार्यशैली साबित करने की बड़ी चुनौती होगी। जिले की 621 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निगरानी, पंचायतों की जवाबदेही, स्वच्छता अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिक परीक्षा होगी। इसके अलावा पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही ग्राम पंचायतों में लंबित कार्यों को गति देना भी उनके लिए अहम चुनौती रहेगी।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now