Sonbhadra News : चकाड़ी पुल पर चंदा मांगने के बहाने राहगीरों से लूट, पांच शातिर गिरफ्तार, दो फरार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । राहगीरों को चंदा मांगने के बहाने रोकना, फिर मारपीट और धमकी देकर मोबाइल व नकदी लूट लेना। ओबरा थाना क्षेत्र के चकाड़ी पुल के पास बदमाशों ने इसी तरीके से तीन राहगीरों को अपना निशाना बनाया था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

ये है प्रकरण –

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को चकाड़ी पुल के पास बदमाशों ने चंदा मांगने के बहाने तीन राहगीरों को रोका था। इसके बाद उनके साथ मारपीट और धमकी देकर मोबाइल फोन व नकदी लूट ली गई थी। मामले में भरहरी निवासी सुपीन्द्र कुमार सिंह की तहरीर पर ओबरा थाने में धारा 309(6) और 352 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शुरुआती मुकदमे में राजू यादव, आशीष जायसवाल, सोनू तिवारी समेत अज्ञात आरोपियों को नामजद किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 14 नवंबर की रात करीब दो बजे मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी सेक्टर-10 की तरफ पुराने पीएसी मैदान के पास मौजूद हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तीन नामजद आरोपियों समेत पांच लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू तिवारी, राजू यादव, आशीष जायसवाल, राहुल गुप्ता उर्फ चिन्नी रोटी और रोहित यादव उर्फ राका शामिल हैं। वहीं, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

दो बाइक और लूट के रुपये बरामद –

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में बचे 3300 रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पैशन प्रो (सिल्वर रंग) और पल्सर (काले रंग) की दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। वाहनों के कागजात उपलब्ध नहीं होने पर दोनों मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

राजू यादव पर पहले से दर्ज हैं आठ मुकदमें –

गिरफ्तार आरोपियों में राजू यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ ओबरा थाने में वर्ष 2023 से 2026 के बीच कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, एससी-एसटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी पांचों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल –

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जय शंकर सिंह, अमित कुमार सिंह तथा कांस्टेबल अशोक यादव, राहुल श्रीवास, गुलशन प्रजापति, योगेन्द्र कुमार, आदित्य कुमार और धर्मेन्द्र राजभर शामिल रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now