आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्वास्थ्य विभाग में दवाओं के रखरखाव और वितरण से लेकर मरीजों को दवा उपलब्ध कराने तक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले फार्मासिस्ट अब अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। शासन और महानिदेशालय स्तर पर लंबे समय से मांगें लंबित रहने से नाराज डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना देकर आवाज बुलंद की। फार्मासिस्टों ने शासन और महानिदेशालय की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के क्रम में शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर आयोजित धरने में जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय समेत विभिन्न राजकीय चिकित्सालयों में तैनात फार्मासिस्ट और चीफ फार्मासिस्ट शामिल हुए। धरने के दौरान सदस्यों ने कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग की वित्तीय और गैर वित्तीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कई बार वार्ता के दौरान आश्वासन मिलने के बावजूद उन पर अमल नहीं किया गया है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि “फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, उनके सुरक्षित रखरखाव और मरीजों को दवा वितरण की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन उनके अपने संवर्ग की समस्याओं का समाधान वर्षों से लंबित है। पदनाम परिवर्तन, स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करने, उच्च पदों पर पदोन्नति और वेतन विसंगतियों जैसी जायज मांगों पर लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि संगठन अपने सदस्यों के अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट है। शासन को अब केवल आश्वासन देने के बजाय मांगों पर समयबद्ध निर्णय लेना चाहिए। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो फार्मासिस्ट आर–पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे।”
पदनाम परिवर्तन, वेतनमान बढ़ोत्तरी सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन –
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी तथा चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी किए जाने की मांग शामिल है। इसके साथ ही विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का पदनाम सहायक निदेशक फार्मेसी करने, फार्मासिस्टों को सीमित औषधियों के नुस्खे लिखने का अधिकार देने और नियुक्ति के लिए न्यूनतम तकनीकी योग्यता बैचलर ऑफ फार्मेसी अथवा फार्मा-डी निर्धारित करने की मांग उठाई गई। वहीं संगठन ने वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की स्थायी वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी और संयुक्त निदेशक फार्मेसी के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने तथा फार्मासिस्ट संवर्ग के अराजपत्रित पदों पर ग्रेड पे 4600 रुपये का वेतनमान देने की मांग की। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी और संयुक्त निदेशक फार्मेसी के पदों के अनुरूप उच्चतर वेतनमान देने तथा चिकित्सकों की अनुपस्थिति में फार्मासिस्टों को मिलने वाले प्रभार भत्ते को 75 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
अस्पतालों में पद सृजन और दवाओं की आपूर्ति का मुद्दा भी उठा –
धरने के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फार्मासिस्टों के पदों के मानक में संशोधन, प्रत्येक सीएचसी में चीफ फार्मासिस्ट का पद सृजित करने तथा ट्रामा सेंटरों में फार्मासिस्ट और चीफ फार्मासिस्ट के पर्याप्त पद निर्धारित करने की मांग की गई।
फार्मासिस्टों ने अस्पतालों तक ड्रग वेयर हाउस से दवाएं पहुंचाने के लिए सरकारी वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान में कई स्थानों पर फार्मासिस्टों को अपने निजी वाहन और खर्च से दवाएं लानी पड़ती हैं। वहीं जिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एलोपैथिक चिकित्सक तैनात नहीं हैं, वहां दवाओं के उपभोग और डीवीडीएमएस पोर्टल पर विवरण दर्ज करने संबंधी आदेशों में फार्मासिस्टों को राहत देने की मांग की गई।
संगठन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे डॉट्स, मानसिक रोग क्लीनिक और एनसीडी कार्यक्रमों में दवाओं के वितरण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी प्रशिक्षित फार्मासिस्टों को सौंपने पर भी जोर दिया।
20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी धरने की चेतावनी –
धरने में उपस्थित सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मांगपत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होती है तो 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मासिस्ट महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देंगे। इसके बाद धरना स्थल से ही आंदोलन के अगले चरण और हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
ये रहे मौजूद –
धरने में विजय कुमार सिंह, महेंद्र दुबे, प्रयाग सिंह, नीरज राणा, त्रिभुवन सिंह, सुधीर सिंह समेत बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






