Sonbhadra News : संघ के 65वें स्थापना दिवस पर लेखपालों ने जनसेवा और संगठन की एकजुटता का लिया संकल्प

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । राजस्व प्रशासन की रीढ़ माने जाने वाले लेखपालों ने शनिवार को तहसील रॉबर्ट्सगंज में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। तहसील मंत्री साजिद खान वारसी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में लेखपालों ने संगठन की स्थापना से जुड़े संघर्षों और योगदान को याद करते हुए जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान संघ के संस्थापक स्वर्गीय मुरारी लाल शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 14 नवंबर 1962 को स्व0 मुरारी लाल शर्मा ने जिस संगठन की नींव रखी थी, उसने समय के साथ लेखपालों की आवाज को मजबूती देने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेखपाल केवल राजस्व अभिलेखों के रखरखाव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान, भूमि संबंधी मामलों, आपदा के समय राहत कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में भी अहम जिम्मेदारी निभाते हैं।

तहसील अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि “लेखपाल संघ का इतिहास संघर्ष, एकता और अधिकारों की लड़ाई का इतिहास है। संगठन की मजबूती ही लेखपालों की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक लेखपाल को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आम जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन अपने सदस्यों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट होकर खड़ा रहेगा।”

तहसील मंत्री साजिद खान वारसी ने कहा कि “लेखपाल राजस्व प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव से लेकर तहसील तक शासन की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने में लेखपालों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि संगठन के गौरवशाली इतिहास को याद करने और भविष्य की जिम्मेदारियों के प्रति संकल्प लेने का दिन है। संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए लेखपालों के हितों और जनसेवा के दायित्वों के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।”

इस अवसर पर कन्हैया पटेल, संतोष सिंह, चित्रसेन, मनीष, पंकज सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now