Sonbhadra News : दो अस्पतालों की फार्मेसी पर औषधि विभाग का छापा, चार संदिग्ध दवाओं के नमूने किए संग्रहित

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वाली नकली और अधोमानक दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए औषधि विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा डीपीसीओ की संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के अस्पतालों में संचालित दवा दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान निरीक्षण में संदिग्ध प्रतीत होने वाली चार औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों पर दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल और अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने का मामला भी सामने आया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देशन और सहायक आयुक्त (औषधि), मिर्जापुर मंडल के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत टीम ने आज साई हॉस्पिटल और श्रीराम हॉस्पिटल, रॉबर्ट्सगंज स्थित फार्मेसी का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की गुणवत्ता, उनके क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों और निर्धारित नियमों के अनुपालन की पड़ताल की गई।

इस दौरान मिली कमियों को विभागीय आख्या में दर्ज कर आवश्यक कर के लिए सहायक आयुक्त (औषधि), मिर्जापुर मंडल को भेजा जा रहा है। इसके अलावा संदेहास्पद प्रतीत होने वाली चार औषधियों के नमूने प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और नियमावली, 1945 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान कुछ प्रतिष्ठान दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल और अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्यवाही करने की तैयारी की जा रही है।

कफ सिरप और नींद की दवाओं की बिक्री पर विशेष निगरानी –

औषधि विभाग ने जनपद के सभी थोक एवं फुटकर दवा विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कफ सिरप, नींद की दवाइयों और अन्य नियंत्रित औषधियों की बिक्री केवल विधिवत पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के आधार पर ही की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दवा विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now