आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदने के लिए कुल 86 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। शासन की ओर से इस वर्ष जनपद को 1.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, “जनपद में संचालित 86 क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 34, भारतीय खाद्य निगम के दो और मंडी समिति के चार केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत खरीदा जा रहा है।उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को खाद्य विभाग के पांच क्रय केंद्रों पर कुल 318.40 कुंतल धान की खरीद की गई। खरीद प्रक्रिया को गति देने के लिए केंद्रों पर किसानों से संपर्क स्थापित कर नियमित खरीद सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है।”
इधर, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाया जाए। सभी क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ धान खरीद की जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों द्वारा बेचे गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर उनके खातों में सुनिश्चित कराया जाए।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





