Sonbhadra News : लोढ़ी टोल के पास बाइक सवार युवक को झाड़ियों में ले जाकर पीटा, नकदी छीनने का लगाया आरोप

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र का लोढ़ी टोल प्लाजा एक बार फिर आपराधिक घटना को लेकर चर्चा में है। टोल प्लाजा से आगे मारकुंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार युवक को रोककर मारपीट करने और झाड़ियों में ले जाकर नकदी छीनने का आरोप सामने आया है। दो अज्ञात युवकों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। शनिवार को शिकायत की जानकारी मिलने पर पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआती जांच में रुपये छीनने की पुष्टि नहीं हो सकी है।

चोपन थाना क्षेत्र के बेलकप निवासी सत्यजीत के मुताबिक, उनका बड़ा भाई विश्वजीत शुक्रवार को किसी काम से रॉबर्ट्सगंज आया था। उसने बैंक से रुपये निकाले और पांच हजार रुपये सत्यजीत के खाते में जमा किए। शेष रकम लेकर वह देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि लोढ़ी टोल प्लाजा पार करने के बाद पाइपलाइन क्रॉसिंग के पास एक बाइक सवार युवक ने उसे रोक लिया। इसी बीच पीछे से एक अन्य युवक भी पहुंच गया। दोनों कथित तौर पर विश्वजीत को खींचकर सड़क किनारे झाड़ियों में ले गए और उसके साथ मारपीट कर जेब में रखे रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पहले भी वारदातों से सुर्खियों में रहा है टोल प्लाजा का इलाका –

लोढ़ी टोल प्लाजा और उसके आसपास का इलाका पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। पूर्व में यहां छिनैती और दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों का खुलासा भी किया था। ऐसे में एक बार फिर इसी इलाके में युवक के साथ मारपीट और कथित छिनैती की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस –

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि “युवक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। बैंक से रुपये निकालने और छिनैती किए जाने की बात अभी स्पष्ट नहीं है। लोढ़ी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर घटना और आरोपियों के संबंध में छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।”

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now