Sonbhadra News : दिवाली से पहले सड़क हादसे ने छीन ली परिवार की खुशियां, एक की मौत, दूसरा गंभीर

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । दिवाली से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सलैया गांव के पास घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक सड़क पार कर रहे बछड़े से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 40 वर्षीय राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार 42 वर्षीय अतुल दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शाहगंज थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी राजेंद्र और अतुल दुबे शनिवार रात करीब नौ बजे बाइक से रॉबर्ट्सगंज से अपने घर लौट रहे थे। अभी वे सलैया गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक बछड़ा सड़क पार करते हुए बाइक के सामने आ गया। तेज रफ्तार बाइक बछड़े से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में राजेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अतुल दुबे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

ग्रामीणों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल –

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल अतुल दुबे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जाता है कि अतुल दुबे पूर्व विधायक शारदा प्रसाद के चालक हैं और खजुरी स्थित उनकी खेती-बाड़ी की देखरेख भी करते हैं।

पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्यवाही –

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी।

वहीं प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। राजेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अतुल दुबे के स्वास्थ्य को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now