आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का खतरा कम होता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला चुर्क चौकी क्षेत्र के सहिजन खुर्द स्थित फत्ते चौराहे का है, जहां शुक्रवार की रात करीब 12 बजे एक बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित पान की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का काउंटर और अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकान बंद थी और वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो चुर्क से राबर्ट्सगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सहिजन खुर्द के फत्ते चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले चंद्रभूषण सोनी की दुकान का काउंटर तोड़ते हुए आगे बढ़ी और फिर अजय की पान की दुकान में जा घुसी। टक्कर से दुकान का अगला पूरा सेट क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संयोग अच्छा रहा कि रात का समय होने के कारण दुकान पर कोई मौजूद नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
यातायात माह में जागरूकता के साथ जरूरी है जिम्मेदारी –
बहरहाल, नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाते हुए पुलिस और यातायात विभाग लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रम, नियमों के पालन की अपील और अभियान चलाए जा रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि जब तक वाहन चालक खुद अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे और रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रखेंगे, तब तक ऐसे हादसों पर अंकुश लगाना आसान नहीं होगा। यातायात नियमों का पालन केवल अभियान तक सीमित न रहकर सड़क पर हर चालक की आदत बनना जरूरी है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





