सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में जनपद के रॉबर्ट्सगंज स्थित डायट मैदान, उरमौरा में आज यानी 04 नवंबर 2026 से छह नवंबर तक तीन दिवसीय ‘सोन अर्थ दीपावली सरस मेला 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित मेले का उद्घाटन अपराह्न दो बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग) संजीव कुमार गोंड के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम) सोनभद्र के अंतर्गत गरिमामयी उपस्थिति के बीच होगी, जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में राबर्ट्सगंज के विधायक भूपेश चौबे और घोरावल के विधायक डॉ. अनिल मौर्या अपनी सहभागिता निभाएंगे। इस मेले के माध्यम से ‘सोन अर्थ’ ब्रांड का भी आधिकारिक शुभारंभ किया जाएगा, जो ग्रामीण स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को एक नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराएगा। जिला प्रशासन और मिशन प्रबंधन के अधिकारियों—जिनमें उपायुक्त स्वतः रोजगार रवीन्द्र वीर, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी और जिलाधिकारी (डीएम) चर्चित गौड़ शामिल हैं—के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जा रही है। मेले के मुख्य आकर्षणों में सोन अर्थ ब्रांड के उत्पाद, स्थानीय स्तर पर तैयार सामग्री, दीपावली के आकर्षक गिफ्ट आइटम, मिलेट्स उत्पाद, पंचगव्य लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, गोबर से बने डिजाइनर दीये, आकर्षक मोमबत्तियां, मंदिर के फूलों से बनी अगरबत्तियां, फूल झाला, लाइट झालर, बांस से बने उत्पाद, शुद्ध सरसों के तेल से बनी नमकीन और लजीज व्यंजनों के स्टॉल शामिल हैं। इसके अलावा मेले में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आज उद्घाटन के बाद शाम चार बजे ‘सोन अर्थ’ लोगो का अनावरण तथा पांच बजे जादूगर एवं कर्मा नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी, वहीं पांच नवंबर को शाम पांच बजे से डांडिया नृत्य व देवी जागरण तथा छह नवंबर को सुबह 11 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां और पुरस्कार वितरण किया जाएगा। जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम) द्वारा आयोजित इस सरस मेले में सभी उत्पादों और सामानों पर 10 से 20 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है, और आयोजकों द्वारा जनपदवासियों से सपरिवार पहुंचकर इस मेले का आनंद लेने की अपील की गई है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.




