आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । परिवहन विभाग की ओर से आज आयोजित विशेष कैंप में 65 वाहन स्वामियों ने बकाया टैक्स जमा कर पेनाल्टी में छूट का लाभ उठाया। कैंप के जरिए विभाग को करीब 60 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। हालांकि, जिले में अब भी 11,567 वाहन स्वामियों पर करीब 88 करोड़ 40 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। हैरानी की बात यह है कि विभाग की ओर से नोटिस जारी करने और तहसीलों के माध्यम से आरसी भेजे जाने के बावजूद बड़ी संख्या में वाहन स्वामी बकाया जमा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाने और वाहन स्वामियों को पेनाल्टी में राहत देने के उद्देश्य से परिवहन विभाग कार्यालय परिसर में विशेष कैंप लगाया गया। इसमें वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स की पेनाल्टी में छूट का लाभ दिया गया। कैंप में पहुंचे वाहन स्वामियों ने नकद के साथ डिजिटल माध्यम से भी भुगतान किया। विभाग के मुताबिक, 65 वाहन स्वामियों ने बकाया जमा कर राहत का लाभ उठाया और करीब 60 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
बड़े बकायेदारों पर भी कसेगा शिकंजा –
वहीं, परिवहन विभाग ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। इनमें सौरभ सिंह, बालाजी मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड की पांच गाड़ियां, नीलम ग्रुप, आशुतोष कुमार पाठक, अभिषेक और नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। विभाग इनसे बकाया राजस्व की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी जारी रहेगी कार्यवाही –
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि “विशेष कैंप में 65 वाहन स्वामियों ने बकाया टैक्स जमा किया, जिससे करीब 60 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे समय से अपना बकाया टैक्स जमा कर दें और पेनाल्टी में छूट का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी कार्यवाही जारी रहेगी।”
ये रहे मौजूद –
इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह, प्रधान सहायक कृपांकर दुबे, ललित नारायण त्रिपाठी, विनोद सोनकर, अमल त्रिपाठी, विकास सोनकर, डीवीए अनूप कुमार, सारथी स्टाफ दीपक सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






