आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 को लेकर जनपद में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सोनभद्र में बोर्ड परीक्षा के लिए 66 केंद्र प्रस्तावित किए हैं। इन केंद्रों पर किसी संस्था, छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को आपत्ति अथवा शिकायत है तो वह 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। निर्धारित समय-सीमा के बाद किसी भी तरह का प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। खास बात यह है कि पिछले वर्ष की बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में 71 केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस बार पांच केंद्र कम प्रस्तावित किए गए हैं।
पिछले साल 71 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा –
शैक्षिक सत्र 2026-27 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव तैयार कर परिषद कार्यालय को भेजा था। प्रस्ताव के परीक्षण के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। इसी क्रम में सोनभद्र के लिए 66 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
वर्ष 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा जनपद के 71 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। ऐसे में इस बार पांच केंद्र कम प्रस्तावित होने के कारण केंद्र निर्धारण की सूची संबंधित विद्यालयों और परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण हो गई है।
डीआईओएस ने दिए सूची देखने के निर्देश –
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि “यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए जनपद में 66 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे प्रस्तावित केंद्रों की सूची का अवलोकन कर लें। सूची व्हाट्सएप ग्रुप और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सूचना पट्ट पर भी देखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि यदि किसी प्रस्तावित परीक्षा केंद्र को लेकर कोई आपत्ति या शिकायत है तो संबंधित संस्था, छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य अथवा प्रबंधक उसके कारण और आवश्यक तथ्यों के साथ जिला केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।”
28 अक्टूबर तक ही स्वीकार होंगी आपत्तियाँ –
डीआईओएस जयराम सिंह के अनुसार, “परीक्षा केंद्रों से संबंधित शिकायतें माध्यमिक शिक्षा परिषद के ऑनलाइन पोर्टल UPMSP की आधिकारिक वेबसाइट पर 28 अक्टूबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। आपत्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन ही प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने कहा कि ऑफलाइन अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद भी किसी प्रकार की शिकायत या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





