Sonbhadra News : अब घर बैठे खुद कर सकेंगे अपनी गणना! जनगणना-2027 का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली, डीएम-सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जनगणना-2027 को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए मंगलवार को सोनभद्र में जनजागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से चलकर बरौली चौराहे तक पहुंची। इस दौरान लोगों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और इसमें सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने जनपदवासियों से जनगणना के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराने और इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करने की अपील की।

विकास योजनाओं का आधार हैं जनगणना के आंकड़े-डीएम

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्धारण, विकास योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के बेहतर नियोजन में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना की प्रक्रिया को सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना में सक्रिय सहभागिता निभाकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

16 नवंबर से मिलेगी स्व-गणना की सुविधा –

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तर प्रदेश में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से जनपदवासी निर्धारित पोर्टल पर स्वयं से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी गणना स्वयं कर सकेंगे। इसके बाद पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

प्रशासन की ओर से जनजागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी देने के साथ जनगणना में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने अपील की कि लोग सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now