गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान दूर-दराज से आए करीब 200 से अधिक फरियादियों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं और उनके समयबद्ध व निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित इस जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं एक-एक कर लोगों के पास पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र लिए और पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी शिकायतों को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक पीड़ित नागरिक के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय के लिए भटकना न पड़े, क्योंकि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता और मूल संकल्प है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भूमाफियाओं और कमजोर व असहाय लोगों को उजाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पारिवारिक संपत्ति और आपसी बटवारे से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर समझाइश के जरिए सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े तमाम प्रकरणों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ करने की ताकीद की गई ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि हर एक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचे। जनता दर्शन में मौजूद लोगों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





