Sonbhadra News: त्योहार से पहले एसपी की बड़ी ‘सर्जरी’, तीन दरोगा समेत 78 पुलिसकर्मियों का तबादला

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । त्योहारों के बीच कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। एक ही थाने पर तीन वर्ष या उससे अधिक समय से तैनात पुलिसकर्मियों को नई तैनाती देते हुए तीन उपनिरीक्षकों समेत 78 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। वहीं, पुलिस लाइन से थाना अनपरा के लिए स्थानांतरित उपनिरीक्षक विजय नारायण यादव का तबादला निरस्त कर दिया गया है। एसपी के इस फैसले से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर किए गए इस फेरबदल में आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों के स्थानांतरण को प्रमुखता दी गई है। लंबे समय से एक ही थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों को दूसरी जगह भेजने के पीछे पुलिस व्यवस्था को अधिक गतिशील बनाने और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप तैनाती सुनिश्चित करने का उद्देश्य बताया गया है।

चौकी प्रभारियों समेत कई उपनिरीक्षकों की तैनाती में बदलाव –

तबादला सूची के अनुसार, कांशीराम आवास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र पांडेय को चौकी प्रभारी रेणुसागर बनाया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक गिरिजेश प्रताप सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर चौकी प्रभारी कांशीराम आवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक शकील अहमद खान को पुलिस लाइन से थाना रॉबर्ट्सगंज भेजा गया है।

इसके अलावा, उपनिरीक्षक विजय नारायण यादव का पुलिस लाइन से थाना अनपरा किया गया स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है। पुलिस विभाग में इन बदलावों को प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप तैनाती व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

थानों के निरीक्षण के बाद फेरबदल से महकमे में हलचल –

हाल ही में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिले के अधिकांश थानों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान थानों में लंबित मामलों की समीक्षा के साथ पुलिस कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं का जायजा भी लिया गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर किए गए स्थानांतरण को पुलिसिंग में सक्रियता और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

त्योहारों के दौरान भीड़भाड़, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की तैनाती में बदलाव से विभिन्न थानों में उपलब्ध पुलिस बल का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

तीन साल से एक ही थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिली नई तैनाती –

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि “जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाए रखने तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों का स्थानांतरण किया गया है। इस प्रक्रिया में सामान्य प्रशासनिक आधार पर किए गए स्थानांतरणों के साथ ऐसे पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है, जो एक ही थाने पर तीन वर्ष या उससे अधिक समय से नियुक्त थे।”

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now