आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सदर विधायक भूपेश चौबे और एसपी अभिषेक वर्मा ने किया उद्घाटन
• सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर रखी जाएगी नजर
सोनभद्र । शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए बढ़ौली चौक पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। शुक्रवार को सदर विधायक भूपेश चौबे और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। यहां 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी की जाएगी।
राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौक पर स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन विधि-विधान से पूजा-पाठ के बाद किया गया। पुलिस सहायता केंद्र का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाना, आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और पुलिस तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल – विधायक
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि “आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना से स्थानीय लोगों को जरूरत के समय पुलिस से संपर्क करने में सहूलियत मिलेगी। क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।”
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर – एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “पुलिस सहायता केंद्र का उद्देश्य आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। केंद्र पर चौबीसों घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जाएगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर समय से कार्रवाई की जा सकेगी।”
पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि “पुलिस सहायता केंद्र शुरू होने से बढ़ौली चौक और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। किसी घटना, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल सक्रिय होने में भी सुविधा मिलेगी।”
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, राबर्ट्सगंज थाने के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





