आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अगर अभी तक आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या आप पहली बार मतदान करने जा रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 17 और 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को अवसर देने के लिए 17 अक्टूबर (शनिवार) और 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। दोनों दिन प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे।
फार्म-6 के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज –
विशेष कैंप में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में सहायता मिलेगी। कैंप में प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण भी किया जाएगा।
अधिकारी करेंगे कैंपों की निगरानी –
विशेष अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी कैंपों का पर्यवेक्षण करेंगे। वहीं, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा। राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी कैंपों की जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मतदेय स्थलों पर निर्धारित तिथियों में कैंप आयोजित कराने, प्राप्त आवेदनों का उचित रखरखाव करने और अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
पात्र नागरिकों से नाम जांचने की अपील –
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गोंड ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम सूची में शामिल नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






