Sonbhadra News : आशा कार्यकर्ती मौत मामले में डॉक्टर की निशानदेही पर चिकित्सकीय उपकरण बरामद

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । कोन में कथित अवैध अस्पताल के भीतर डिलीवरी के दौरान आशा कार्यकर्ती की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। जिस ग्लोबल हॉस्पिटल में सीमा देवी की मौत हुई थी, उसी अस्पताल से अब पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अस्पताल संचालक डॉ0 नसीम अहमद की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए हैं। अस्पताल में डिलीवरी के दौरान हुई मौत और परिजनों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब पुलिस की यह कार्यवाही मामले की जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

यह था प्रकरण –

पुलिस के मुताबिक, कोन थाना क्षेत्र के इस मामले में डॉ0 नसीम अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। न्यायालय में हाजिर होने के बाद सीजेएम सोनभद्र से कस्टडी रिमांड का आदेश मिलने पर पुलिस उसे जिला कारागार घुरमा से लेकर आई। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर ग्लोबल हॉस्पिटल स्थित घटनास्थल से चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए गए।

अस्पताल से छह उपकरण बरामद, जांच में जुटी पुलिस –

पुलिस ने घटनास्थल से ऐलिस, मस्किटो, नीडल होल्डर, सीजर, ब्लेड होल्डर और चिमटी बरामद की है। बरामदगी की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पुनः जिला कारागार भेजने के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना कर रही है।

डिलीवरी के दौरान मौत, परिजनों ने लगाए थे गंभीर आरोप –

बताते चलें कि ग्लोबल हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान आशा कार्यकर्ती सीमा देवी की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और उसकी टीम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिजनों का आरोप था कि ऑपरेशन के दौरान महिला का पेट बिना टांके लगाए खुला छोड़ दिया गया और अस्पताल में अफरातफरी के बीच जिम्मेदार लोग वहां से फरार हो गए। इन आरोपों ने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था और चिकित्सकीय जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम की धारा 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी डॉ0 नसीम अहमद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड में उसके विरुद्ध एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।

स्टाफ नर्स और सहयोगी की गिरफ्तारी के बाद अब संचालक पर कार्रवाई

इस मामले में 10 हजार रुपये की इनामी स्टाफ नर्स सलमा और उसकी सहयोगी की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी डॉ0 नसीम अहमद को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब अस्पताल संचालक की निशानदेही पर उपकरणों की बरामदगी के बाद जांच का दायरा और महत्वपूर्ण हो गया है। पुलिस की आज कार्यवाही से यह स्पष्ट है कि मामले में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन घटना के हर पहलू और कथित लापरवाही की जिम्मेदारी तय होना अभी बाकी है।

बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, हे0कां0 राम प्रवेश कुशवाहा और हे0कां0 सर्वेश यादव शामिल रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now