Sonbhadra News : मतदान केंद्रों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर, निर्वाचन व्यवस्था संभालेंगे सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । उत्तर प्रदेश विधान परिषद निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों और जोनल मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को मतदान से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और मतदान के दिन लगातार भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मतदान दिवस से पूर्व अपने निर्धारित क्षेत्रों और मतदेय स्थलों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान के दिन अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी करें और मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कराएं।

सीसीटीवी से होगी मतदान केंद्रों की निगरानी –

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कराते हुए निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया जाए। मतदान प्रारंभ होने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा सके।

पोलिंग एजेंटों के प्रवेश और बैठने की व्यवस्था समझाई

प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को पोलिंग एजेंटों के प्रवेश पास जारी करने, उनकी उपस्थिति में मतपेटी तैयार कराने तथा मतदान अभिकर्ताओं के बैठने की निर्धारित प्राथमिकता का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि पोलिंग एजेंट निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति मतदान समाप्त होने तक मतदेय स्थल से बाहर नहीं ले जाएंगे।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी नियमों और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now