आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के साथ राबर्ट्सगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, रामलीला और दुर्गा पूजा के दौरान सादे वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती, डायल 112 की सक्रियता और देर रात तक थाना पुलिस को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंडालों से लेकर प्रमुख बाजारों तक पुलिस की नजर –
पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। एसपी के निर्देशन में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आमजन को सुरक्षा का भरोसा भी दिला रहे हैं।
सादे वर्दी में पुलिस, डायल 112 और देर रात तक गश्त –
रामलीला और दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सादे वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही डायल 112 की टीमों को सक्रिय रहने तथा थाना पुलिस को देर रात तक अपने क्षेत्रों में गश्त करने को कहा गया है। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ का सुचारु प्रबंधन और आवागमन व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पूजा समितियों से संवाद, शांतिपूर्ण आयोजन की अपील –
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के आयोजकों और अन्य संबंधित लोगों से संवाद स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की। पंडालों और मंदिरों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भी जरूरी निर्देश दिए गए।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि “शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा और रामलीला के दौरान जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, पैदल गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, डायल 112 की टीमें सक्रिय रहेंगी और थाना पुलिस देर रात तक गश्त करेगी। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता बरतेगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें और सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





